यह ख़बर 24 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

दो दिन की तेजी का सिलसिला थमा, सेंसेक्स 213 अंक लुढ़का

खास बातें

  • 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 213 अंक लुढ़क गया। सभी वर्गों खासकर ब्याज दर से जुड़े शेयरों में बिकवाली का खासा दबाव था।
Mumbai:

मूडीज द्वारा जापान की सरकारी ऋण साख को घटाए जाने के बाद एशियाई बाजारों में आई गिरावट से बुधवार को बंबई शेयर बाजार में भी दो दिन से चली आ रही तेजी का सिलसिला थम गया। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 213 अंक लुढ़क गया। सभी वर्गों खासकर ब्याज दर से जुड़े शेयरों में बिकवाली का खासा दबाव था। कमजोर एशियाई रुख के बीच सेंसेक्स एक समय 16,533.22 अंक के उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद फिसल गया और अंत में यह 213.49 अंक या 1.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,284.98 अंक पर आ गया। पिछले दो सत्रों में सेंसेक्स 357 अंक चढ़ा था। इसी के अनुरूप नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 60 अंक या 1.21 प्रतिशत लुढ़ककर 4,880.90 अंक पर आ गया। ब्याज दर से जुड़े शेयरों के अलावा धातु और पूंजीगत सामान कंपनियों के शेयरों को भी कल अगस्त माह के अनुबंध के समापन से पहले झटका लगा। मूडीज की निवेशक सेवा ने जापान की ऋण साख को एए2 से घटाकर एए3 कर दिया है, जिसकी वजह से निवेशकों ने मुनाफावसूली की। ब्रोकरों ने कहा कि वर्तमान परिदृश्य तथा कल के डेरिवेटिव अनुबंध के समापन से पहले बाजार की धारणा प्रभावित हुईं उन्होंने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक, एलएंडटी, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स, इन्फोसिस टेक, कोल इंडिया, टीसीएस और रिलायंस इंडस्ट्रीज में बिकवाली ने सेंसेक्स की गिरावट में मुख्य योगदान दिया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com