खास बातें
- एशियाई क्षेत्र में मजबूत बढ़त तथा दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में वृद्धि के संकेतों से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 131 अंक चढ़ गया।
मुंबई: विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की आईटी और धातु कंपनियों के शेयरों में सतत लिवाली से शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला लगातार तीसरे दिन जारी रहा। एशियाई क्षेत्र में मजबूत बढ़त तथा दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में वृद्धि के संकेतों से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 131 अंक चढ़ गया।
सेंसेक्स में पिछले दो सत्रों में 437 अंक की बढ़त रही थी। आज यह 131.27 अंक या 0.76 प्रतिशत की और बढ़त के साथ 17,431.85 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 34.20 अंक या 0.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,269.90 अंक रहा।
प्रमुख आईटी कंपनी इन्फोसिस का शेयर 0.68 प्रतिशत चढ़ गया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में 1.62 प्रतिशत और विप्रो में 3.46 फीसदी का उछाल आया। ब्रोकरों ने कहा कि चीन, अमेरिका और जर्मनी में जनवरी माह में कारखाना उत्पादन में बढ़ोतरी तथा वैश्विक वृद्धि दर को लेकर चिंता घटने की वजह से एशियाई बाजारों के सकारात्मक संकेतों से यहां भी धारणा मजबूत हुई।
उच्चतम न्यायालय द्वारा 2008 में दिए गए नए आपरेटरों के 122 लाइसेंस रद्द करने के फैसले से पुरानी दूरसंचार कंपनियों के शेयरों में उछाल आया। भारती एयरटेल का शेयर 6.88 प्रतिशत चढ़ गया, जबकि आइडिया में 2.68 फीसद की बढ़त रही।