यह ख़बर 17 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

तिमाही नतीजे तय करेंगे बाजार की चाल

खास बातें

  • विशेषज्ञों का मानना है कि तीन सप्ताह की तेजी का दौर थमने के बाद इस सप्ताह विप्रो और एचडीएफसी बैंक के नतीजे और वैश्विक रुख शेयर बाजार को दिशा देंगे।
New Delhi:

शेयर बाजार के विशेषज्ञों का मानना है कि तीन सप्ताह की तेजी का दौर पिछले सप्ताह थमने के बाद इस सप्ताह विप्रो और एचडीएफसी बैंक के तिमाही नतीजे और वैश्विक रुख शेयर बाजार को दिशा देंगे। विश्लेषकों ने कहा कि निवेशक इस सप्ताह सतर्कता का रुख अपनाएंगे। इसके अलावा, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार को आवश्यक समर्थन दे सकते हैं। उल्लेखनीय है कि कंपनियों के मिलेजुले तिमाही नतीजों, मुंबई में बम धमाकों, औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में नरमी, मुद्रास्फीति में तेजी और ब्याज दरों में बढ़ोतरी किए जाने की संभावना के बीच बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को समाप्त सप्ताह में 296 अंक टूटकर बंद हुआ। जियोजित बीएनपी पारिबा के शोध प्रमुख (वित्तीय सेवा) एलेक्स मैथ्यू ने कहा कि बाजार में इस सप्ताह में सुगठन का दौर चलेगा और उसके बाद इसमें तेजी या फिर गिरावट आ सकती है। बाजार की नजर कंपनियों के तिमाही नतीजों पर होगी। घरेलू बाजार के रुख पर टिप्पणी करते हुए आईआईएफएल के शोध प्रमुख अमर अंबानी ने कहा कि मुंबई में हालिया बम धमाकों के प्रति बाजार की प्रतिक्रिया व्यापक तौर पर प्रतिकूल नहीं रही है। लेकिन बाजार की अंतर्दशा अब भी स्थानीय और वैश्विक घटनाक्रमों को लेकर आशंकित नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता मुद्रास्फीति की है, जो घटने का नाम नहीं ले रही है। वैश्विक बाजार के परिदृश्य के बारे में उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए मुख्य चिंता यूरो क्षेत्र के ऋण संकट और ऋण सीमा को लेकर अमेरिका में बने गतिरोध को लेकर है। इसके अलावा मूडीज और एस एंड पी द्वारा समय-समय पर यूरो क्षेत्र के राष्ट्रों को लेकर जो चेतावनियां जारी की गई हैं, उसका भी असर विश्व बाजारों पर दिखेगा। विश्लेषकों ने कहा कि मॉनसून, कच्चे तेल में तेजी और मुद्रास्फीति मौजूदा समय में भारतीय बाजार के लिए चिंता के सबब बने हुए हैं। विशेषज्ञों की राय है कि विगत सप्ताह बाजार में गिरावट आने के बावजूद विदेशी संस्थागत निवेशकों का रुख मामूली सकारात्मक रहा है, जिन्होंने थोड़ी मात्रा में शुद्ध लिवाली की है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com