खास बातें
- तेजी की अगुवाई एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, टीसीएस, आरआईएल, बजाज ऑटो, टाटा पावर और लार्सन एंड टुब्रो ने की।
Mumbai: वैश्विक बाजारों में तेजी और एचडीएफसी बैंक के अनुमान से बेहतर तिमाही नतीजों ने शेयर बाजार में पिछले दो सत्रों से जारी गिरावट पर ब्रेक लगा दिया और बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 147 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। पिछले दो कारोबारी सत्रों में 111 अंक टूटने वाला सेंसेक्स 146.83 अंक मजबूत होकर 18,653.87 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय दिन के निचले स्तर 18,481.83 अंक पर आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 46.50 अंक की बढ़त के साथ 5,613.55 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में तेजी की अगुवाई एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, टीसीएस, आरआईएल, बजाज ऑटो, टाटा पावर और लार्सन एंड टुब्रो ने की। चालू वित्तवर्ष की पहली तिमाही में एचडीएफसी बैंक का शुद्ध लाभ 33.7 प्रतिशत बढ़कर 1,085 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।