खास बातें
- बिकवाली की मार सबसे अधिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों पर पड़ी। कंपनी का शेयर 1.65 प्रतिशत टूटकर 936.15 रुपये पर बंद हुआ।
Mumbai: देश के शेयर बाजारों में शुक्रवार को भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 118 अंक टूट गया। हालांकि, अनिल अंबानी समूह की कंपनियों ने बाजार को और गिरने से बचा लिया। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स बढ़त के साथ 18,672.65 अंक पर खुला। दोपहर बाद बिकवाली दबाव से यह 117.70 अंक टूटकर 18,376.48 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 33.60 अंक की गिरावट के साथ 5,516.75 अंक पर बंद हुआ। बिकवाली की मार सबसे अधिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों पर पड़ी। कंपनी का शेयर 1.65 प्रतिशत टूटकर 936.15 रुपये पर बंद हुआ। एशियाई बाजारों में नरमी के रुख से भी घरेलू बाजार की धारणा कमजोर हुई। हालांकि अनिल अंबानी समूह की कंपनियों के शेयरों में तेजी ने बाजार को कुछ राहत दी। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के केजी बेसिन के डी6 ब्लॉक में घटते गैस उत्पादन को लेकर निवेशकों में चिंता थी। कंपनी के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने भी कंपनी की सालाना आम बैठक में इस चिंता को दूर करने के मामले में ठोस कुछ नहीं कहा। इससे भी निवेशकों में निराशा थी।