खास बातें
- महिंद्रा टू व्हीलर्स लिमिटेड ने अपनी 110 सीसी की मोटरसाइकिल स्टालियो को इस वर्ष दोबारा लांच करने का फैसला किया है।
कोलकाता: तेजी से विकास करते मोटरसाइकिल बाजार पर अपनी पैनी नजर रखने वाली महिंद्रा टू व्हीलर्स लिमिटेड (एमटीडब्ल्यूएल) ने अपनी 110 सीसी की मोटरसाइकिल स्टालियो को इस वर्ष दोबारा लांच करने का फैसला किया है। कम्पनी के उपाध्यक्ष (विपणन) देवेंद्र शिंदे ने कहा, "हम त्योहारों के समय अपनी मोटरसाइकिल स्टालियो को दोबारा लांच करने जा रहे हैं। हमने इसमें कुछ सुधार किए हैं, जो निश्चित तौर पर लोगों को पसंद आएंगे।" एमटीडब्ल्यूएल ने 2008 में उत्पादन शुरू किया था। इसने इस वर्ष अप्रैल से जून तक की पहली तिमाही में पूर्वी भारत में 53 फीसदी विकास किया है। कम्पनी फिलहाल 125 सीसी के स्कूटरों पर ध्यान लगाए हुए है लेकिन अब वह अपने पोर्टफोलियो को विस्तार देने का मन बना चुकी है। शिंदे ने कहा कि वैश्विक बाजार में अपनी पहचान कायम करने के लिए कम्पनी ने इस वर्ष मोटो ग्रां पी में हिस्सा लेने का फैसला किया। इसके लिए कम्पनी ने महिंद्रा रेसिंग नाम से एक टीम बनाई है और 2011 मोटो ग्रां पी चैम्पियनशिप के लिए 125 सीसी वर्ग में जर्मन चालक मार्सेल श्रोटर को अपना चालक नियुक्त किया।