Markets Today: फार्मा कंपनियों के शेयर चमके; बाजार में तेजी, Nifty 16,000 के ऊपर

Sensex, Nifty Today: सुबह 10.01 पर सेंसेक्स 311.29 अंकों या 0.58% की तेजी के साथ 53,825.44 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था. इस दौरान निफ्टी 90.05 अंकों या 0.56% की बढ़त के साथ 16,056.70 पर चल रहा था.

Markets Today: फार्मा कंपनियों के शेयर चमके; बाजार में तेजी, Nifty 16,000 के ऊपर

शेयर बाजार में आज दर्ज हो रही अच्छी तेजी. (प्रतीकात्मक तस्वीर)

मुंबई:

कंज्यूमर गुड्स और फार्मा कंपनियों के शेयरों में अच्छी बढ़त के साथ घरेलू शेयर बाजार आज हरे निशान में खुले. एनएसई निफ्टी 16,000 के ऊपर खुला. सुबह 10.01 पर बीएसई सेंसेक्स 311.29 अंकों या 0.58% की तेजी के साथ 53,825.44 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था. इस दौरान निफ्टी 90.05 अंकों या 0.56% की बढ़त के साथ 16,056.70 पर चल रहा था. ओपनिंग में सेंसेक्स में जहां 146.71 अंकों की तेजी दर्ज हुई थी वहीं निफ्टी 48.50 अंक ऊपर खुला था.

बीएसई पर 24 शेयर हरे निशान में खुले, वहीं छह शेयर- आईटीसी, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एमएंडएम, एसबीआई इंडिया और एक्सिस बैंक गिरावट पर थे. सबसे ज्यादा तेजी सनफार्मा के शेयर में दर्ज हुई. कंपनी के शेयर ओपनिंग में 1.34% के साथ 872 रुपये प्रति शेयर पर दर्ज हुए थे. इसके अलावा टाइटन, भारती एयरटेल, नेस्ले इंडिया, लार्सन एंड टूब्रो और हिंदुस्तान यूनिलीवर में तेजी दर्ज हुई थी.

निफ्टी पर अपोलो हॉस्पिटल्स, ब्रिटानिया, सन फार्मा, टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स और टाइटन बढ़त पर थे, जेएसडबल्यू स्टील, एसबीआई, टाटा स्टील और हिंडाल्को गिरावट पर थे.

निफ्टी पर फार्मा इंडेक्स में 1 फीसदी की तेजी दर्ज हुई और कंज्यूमर इंडेक्स 0.6 फीसदी ऊपर चढ़ा.

हालांकि, अगर रुपये की बात करें तो भारतीय करेंसी आज लगातार चौथे दिन गिरावट दर्ज कर रही है. मजबूत डॉलर के मुकाबले आज फिर रुपया नए रिकॉर्ड लो पर पहुंच गया. यह 79.75 पर पहुंच गया था. हालांकि, शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 7 पैसे चढ़कर 79.74 पर आया.

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अगर पिछले कारोबार की बात करें तो बुधवार को यूरोपीय बाजारों के कमजोर रुख के बीच घरेलू बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट आई और सेंसेक्स 372 अंक टूट गया. सेंसेक्स 372.46 अंक यानी 0.69 प्रतिशत गिरकर 53,514.15 अंक पर बंद हुआ. निफ्टी भी 91.65 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,000 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 15,966.65 अंक पर आ गया.