खास बातें
- अमेरिकी बाजार का असर एशियाई बाजार पर देखने को मिला और सेंसेक्स में दिन पर गोता लगाता रहा और शाम को 17 हजार के नीचे बंद हुआ।
मुम्बई: अमेरिका के खराब आर्थिक हालात का असर सोमवार को भी एशियाई बाज़ारों पर दिखा। भारतीय शेयर बाज़ार तो लगभग दो फीसदी की गिरावट के साथ खुले ही, जापान, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैण्ड, सिंगापुर, ताइवान और दक्षिण कोरियाई शेयर बाज़ारों में भी गिरावट का रुख रहा। दिन के आरंभ में भारी गिरावट के बाद सेंसेक्स में दोपहर तक कुछ सुधार देखा गया और सेंसेक्स 17 हजार से नीचे 16,769 तक लुढकने के बाद फिर 17,106 पर कारोबार करने लगा। लेकिन शाम को बंद होने से पहले फिर बाजार में गिरावट देखने को मिली और सेंसेक्स 315 अंकों की गिरावट के साथ 16,990 पर बंद हुआ। इससे पहले देश के शेयर बाजारों में सप्ताह के पहले कारोबारी दिवस शुरुआती कारोबार में तेज गिरावट का रुख देखा गया। प्रमुख सूचकांक सेन्सेक्स 398.30 अंक गिरकर 16907.57 पर, और निफ्टी 127.40 अंक गिरकर 5083.85 पर खुला। सुबह करीब 9.25 बजे बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक 433.73 अंकों की गिरावट के साथ 16872.14 पर था, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी सूचकांक 127.25 अंकों की गिरावट के साथ 5084.00 पर कारोबार कर रहा था। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी गिरावट का रुख था। जापान का निक्केई सोमवार को खुलते ही एक फीसदी नीचे गिरा। ऑस्ट्रेलियाई बाजार में दो फीसदी की, और न्यूज़ीलैण्ड के बाज़ार में तीन फीसदी की गिरावट देखी जा रही है। उधर, सिंगापुर, ताइवान और दक्षिण कोरिया के बाज़ारों में भी गिरावट का सिलसिला बरकरार है। दरअसल, अमेरिका की क्रेडिट रेटिंग घटने के बाद फिलहाल दुनियाभर के बाज़ारों में बिकवाली का दौर जारी है, जिससे निवेशक भी मायूस हैं। जानकारों का मानना है कि फिलहाल इसके सुधरने के संकेत नहीं दिखाई दे रहे हैं।