खास बातें
- सप्ताह के पहले कारोबारी दिवस सोमवार को देश के शेयर बाजारों में दोपहर तक के कारोबार में तेज गिरावट देखी गई।
Mumbai: सप्ताह के पहले कारोबारी दिवस सोमवार को देश के शेयर बाजारों में दोपहर तक के कारोबार में तेज गिरावट देखी गई। सुबह में प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 54.64 अंकों की बढ़त के साथ 19925.17 पर जबकि निफ्टी 5.80 अंक बढ़कर 5372.20 पर खुला लेकिन शुरुआत के कुछ ही समय बाद बाजार में गिरावट आने लगी। दरअसल, भारत सरकार द्वारा मॉरिशस के साथ दोहरे काराधान से बचाव समझौते को लेकर बातचीत शुरू करने की खबरों के कारण बाजार में उथल-पुथल मच गई। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से ऐसी खबर आई थी कि भारत और मॉरिशस के कर अधिकारी नए दोहरे काराधान बचाव समझौते को लेकर शीघ्र वार्ता शुरू करने वाले हैं। भारत में 40 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश मॉरिशस में पंजीकृत कम्पनियों या कोषों के माध्यम से होता है। दिन का कारोबार खत्म होने से करीब एक घंटे पहले बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 331.60 अंकों की गिरावट का साथ 17538.89 पर जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का संवेदी सूचकांक निफ्टी 91.50 अंक गिरकर 5274.90 पर कारोबार कर रहा था। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी दो सौ से अधिक अंकों की गिरावट देखी गई।