खास बातें
- सेंसेक्स 260.42 अंक मजबूत होकर 16,676.75 अंक पर बंद हुआ। सोमवार को सेंसेक्स में 567.50 अंक की तेजी दर्ज की गई थी।
मुंबई: शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अमेरिकी उपभोक्ता खर्च में बढ़त के आंकड़े जारी होने से वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी जिससे मजबूत वैश्विक रुख से बीएसई सेंसेक्स 260 अंक चढ़कर बंद हुआ। बांबे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स 260.42 अंक मजबूत होकर 16,676.75 अंक पर बंद हुआ। कल सेंसेक्स में 567.50 अंक की तेजी दर्ज की गई थी। आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 16,714.70 अंक के उच्च स्तर को छू गया था। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 81.40 अंक मजबूत होकर 5,001 अंक पर बंद हुआ। कारोबारियों ने कहा कि निचले स्तर पर उपलब्ध मजबूत शेयरों में लिवाली से बाजार में यह तेजी आई। कमजोर जीडीपी आंकड़ों को भी बाजार ने नजरअंदाज कर दिया। इस समय बाजार पूरी तरह वैश्विक बाजारों से दिशा ले रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी उपभोक्ताओं का खर्च 0.8 प्रतिशत बढ़ने की खबर से निवेशकों की धारणा में काफी सुधार दर्ज किया गया जिससे अन्य एशियाई बाजारों में तेजी का रुख बना। हालांकि, देश में 30 जून को समाप्त हुई तिमाही के दौरान जीडीपी वृद्धि दर महज 7.7 प्रतिशत रही जो बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि में 8.8 प्रतिशत थी। हालांकि कमजोर जीडीपी आंकड़ों का बाजार की धारणा पर कोई खास असर नहीं पड़ा।