खास बातें
- पेट्रोलियम शेयरों में अच्छी लिवाली रही और बांबे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स 172 अंक चढ़कर बंद हुआ।
Mumbai: सरकार द्वारा पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाने से तेल क्षेत्र की कंपनियों की आय बढ़ने की उम्मीद में पेट्रोलियम शेयरों में सोमवार को अच्छी लिवाली रही और बांबे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स 172 अंक चढ़कर बंद हुआ। पिछले सत्र में 513 अंक की बढ़त दर्ज करने वाला सेंसेक्स आज 171.73 अंक और चढ़कर 18,412.41 अंक पर बंद हुआ। ज्यादातर सार्वजनिक तेल कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त बढ़त देखी गई। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 55.35 अंक मजबूत होकर 5,526.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह दिन के उच्च स्तर 5,552.65 अंक के स्तर को छू गया था। उल्लेखनीय है कि सरकार ने गत शुक्रवार को डीजल की कीमत 3 रुपये प्रति लीटर, एलपीजी की कीमत 50 रुपये प्रति सिलेंडर और केरोसिन की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी। तेल क्षेत्र की कंपनियों में ओएनजीसी 11.35 रुपये बढ़कर 284.15 रुपये पर बंद हुआ, जबकि भारत पेट्रोलियम 29.30 रुपये बढ़कर 663.70 रुपये और आईओसी 10.45 रुपये चढ़कर 347.55 रुपये पर बंद हुआ। इसके अलावा, कैपिटल गुड्स, बैंकिंग, वाहन, आईटी, बिजली और हेल्थकेयर क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में भी लिवाली का रुख रहा।