खास बातें
- वैश्विक आर्थिक नरमी की आशंका से विदेशी बाजारों में गिरावट के बीच सेंसेक्स 371 अंक की गिरावट के साथ 15 महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ।
Mumbai: वैश्विक आर्थिक नरमी की आशंका से विदेशी बाजारों में गिरावट के बीच बंबई शेयर बाजार का सूचकांक गुरुवार को 371 अंक की गिरावट के साथ 15 महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ। मुद्रास्फीति की ऊंची दर के कारण ब्याज दरों में वृद्धि की आशंका का भी बाजार मनोबल पर नकारात्मक असर पड़ा। 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में मजबूती के साथ खुला, लेकिन अंत में यह 371.01 अंक की गिरावट के साथ 16,469.78 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले, 24 मई 2010 को यह स्तर देखा गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 112.45 अंक गिरकर 5,000 अंक के नीचे आ गया और 4,944.15 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में 21 प्रतिशत भारांश रखने वाला रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा इंफोसिस के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा आईटी, बैंक, धातु तथा उपभोक्ता टिकाऊ सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में भी अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई। कारोबारियों के अनुसार वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख से धारणा पर नकारात्मक असर पड़ा। निवेशकों ने खाद्य मुद्रास्फीति में हल्की गिरावट को नजरअंदाज किया। निवेशकों में यह चिंता बनी हुई है कि रिजर्व बैंक नीतिगत दरों में वृद्धि कर सकता है। खाद्य मुद्रास्फीति 6 अगस्त को समाप्त सप्ताह में घटकर 9.03 प्रतिशत हो गई, जो इससे पूर्व सप्ताह में 9.90 प्रतिशत थी।