खास बातें
- सप्ताह के पहले दो कारोबारी दिवसों सोमवार और मंगलवार को जबरदस्त गिरावट दर्ज करने के बाद शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी का रुख देखा गया।
Mumbai: वैश्विक बाजारों में सुधार के बीच लिवाली समर्थन के चलते घरेलू शेयर बाजारों में लगातार छह दिन की गिरावट का सिलसिला बुधवार को थम गया तथा बांबे शेयर बाजार का सेंसेक्स 273 अंक सुधरता हुआ एक बार फिर 17,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर बंद हुआ। बीएसई का तीस शेयर आधारित सेंसेक्स 272.60 अंक मजबूती के साथ 17,130.51 अंक पर बंद हुआ। बीते सत्रों में सेंसेक्स 1,455 अंक टूटकर 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया था। बाजार सूत्रों के अनुसार अमेरिका ने अपनी अर्थव्यवस्था को पटरी पर बनाये रखने की प्रतिबद्धता जताई है। फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को लगभग शून्य पर बनाये रखने का फैसला किया है। वित्तमंत्री प्रणव मुखर्जी द्वारा बाजारों के अगले कुछ दिनों में स्थिर होने का विश्वास जताये जाने का सकारात्मक असर भी बाजार पर रहा। आईटी, बैंकिंग, रीयल्टी तथा आटो शेयर में मजबूती देखने को मिली। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 88.15 अंक मजबूती के साथ 5,161 पर बंद हुआ।