मुंबई: घरेलू कंपनियों के कमजोर तिमाही नतीजों तथा जापान के बाजार में भारी गिरावट से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 170 अंक टूटकर तीन सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया। इसके अलावा घरेलू बाजार में विनिर्माण क्षेत्र की गतिविधियों की वृद्धि दर में तेज गिरावट से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
इस रुख के उलट स्मॉलकैप और मिडकैप में क्रमश: 1.10 प्रतिशत तथा 0.39 प्रतिशत का लाभ रहा। आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में 4.08 प्रतिशत की गिरावट आई यह 226.95 रुपये पर बंद हुआ।
जापान का प्रमुख सूचकांक निक्की 3.11 प्रतिशत टूट गया। येन में मजबूती से वहां निर्यातकों को झटका लगा है। बैंक ऑफ जापान ने पिछले दिनों और मौद्रिक प्रोत्सान प्रोत्साहन नहीं देने का फैसला किया, जो बाजार के लिए अप्रत्याशित रहा। चीन, हांगकांग, मलेशिया, सिंगापुर और थाइलैंड के बाजारों में सोमवार को अवकाश था। एचडीएफसी लिमिटेड का शेयर हालांकि 0.36 प्रतिशत चढ़ गया। मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़ा है।
जियोजित बीएनपी परिबा फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य बाजार रणनीतिकार आनंद जेम्स ने कहा कि मूल्यवर्धन वाली खरीद के प्रयासों को देश के पीएमआई आंकड़ों से झटका लगा। अप्रैल में विनिर्माण सुस्त पड़ी है। अप्रैल में निक्की-मार्केट इंडिया द्वारा सोमवार को ही जारी भारत का विनिर्माण क्षेत्र संबंधी पीएमआई (पर्चेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स) एक माह पहले के 52.4 से घटकर 50.5 पर आ गया।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिनभर नकारात्मक दायरे में रहने के बाद अंत में 169.65 अंक या 0.66 प्रतिशत के नुकसान से 25,436.97 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 25,341.14 अंक का निचला स्तर भी छुआ। यह 12 अप्रैल के बाद इसका सबसे निचला स्तर है।
शुरुआती कारोबार में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 7,800 अंक से नीचे 7777.30 अंक पर आ गया। बाद में यह कुछ सुधरा और अंत में 43.90 अंक या 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,805.90 अंक पर बंद हुआ। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया का शेयर 0.91 प्रतिशत चढ़कर 3,829.55 रुपये पर बंद हुआ। अप्रैल में कंपनी की बिक्री 13.3 प्रतिशत बढ़ी है। इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन का शेयर 4.51 प्रतिशत टूटकर 1,023.80 रुपये पर आ गया। मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ स्थिर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 नुकसान में रहे।
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)