यह ख़बर 08 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बाजार में तेजी थमी, सेंसेक्स 101 अंक टूटा

खास बातें

  • रिलायंस इंडस्ट्रीज सहित प्रमुख शेयरों में निवेशकों की मुनाफावसूली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 101 अंक टूटकर बंद हुआ।
Mumbai:

शेयर बाजार में दो दिनों से जारी तेजी बुधवार को थम गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज सहित प्रमुख शेयरों में निवेशकों की मुनाफावसूली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 101 अंक टूटकर बंद हुआ। पिछले दो कारोबारी सत्रों में 120 अंक की बढ़त हासिल करने वाला सेंसेक्स 101.33 अंक टूटकर 18,394.29 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह दिन के निचले स्तर 18,365.94 अंक पर आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 29.30 अंक की गिरावट के साथ 5,526.85 अंक पर बंद हुआ। ब्रोकरों ने कहा कि अन्य एशियाई बाजारों में कमजोर रुख रहने और यूरोपीय शेयर बाजारों के गिरावट के साथ खुलने से घरेलू बाजार की धारणा कमजोर हो गई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन के बयान का वैश्विक बाजारों पर नकारात्मक असर पड़ा। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमेन बेन बर्नांके ने कहा कि अमेरिका में आर्थिक सुधार की गति निराशाजनक और धीमी है। सेंसेक्स में सबसे अधिक भारांश रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफोसिस के शेयरों में बिकवाली दर्ज की गई। इससे जहां रिलायंस इंडस्ट्रीज 8.85 रुपये टूटा, जबकि इंफोसिस के शेयर भाव में 20.55 रुपये की गिरावट आई।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com