यह ख़बर 23 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

सेबी ने ट्रेडिंग खाता खोलने की प्रक्रिया सरल बनाई

खास बातें

  • सेबी ने पूंजी बाजार में कारोबार करने वाले निवेशकों की लिए कारोबारी खाता खोलने की प्रक्रिया सरल बना दी है।
Mumbai:

पूंजी बाजार के नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने पूंजी बाजार में कारोबार करने वाले निवेशकों की लिए कारोबारी खाता (ट्रेडिंग अकाउंट) खोलने की प्रक्रिया सरल बना दी है। ऐसे निवेशकों को कई दस्तावेज भरने के बजाय अब केवल एक फार्म में हस्ताक्षर करने होंगे। निवेशक को अब केवल एक दस्तावेज भरना होगा और उसपर हस्ताक्षर करने होंगे। बाजार नियामक सेबी ने कहा कि यह काम कारोबारी खाता खोलने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए किया गया है। वर्तमान में किसी भी निवेशक को कारोबारी खाता यानी शेयर खरीदने और बेचने के लिए खाता खोलने के वास्ते कई तरह के दस्तावेज भरने होते हैं और विभिन्न स्तरों पर समझौता दस्तावेज पूरे करने होते हैं। इसके लिए उन्हें कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने होते हैं। सेबी ने कहा है कि उसने इस तरह का खाता खोलने की प्रक्रिया को सरल बना दिया है और सभी कारोबारी सदस्यों और शेयर ब्रोकर के लिए एक ही तरह का समान दस्तावेज तैयार किया है। सेबी ने कहा है कि कारोबारी खाता खोलने के फार्म के साथ शेयर ब्रोकर अपने शुल्कों की भी एक सूची देंगे जिसमें विभिन्न प्रकार के शुल्क की जानकारी दी होगी। सेबी ने शेयर ब्रोकरों से कहा है कि वह 15 दिन के भीतर कारोबारी खाता खोलने की सरल प्रक्रिया को अपनाएं और ग्राहकों को इसका लाभ पहुंचाएं। सेबी ने कहा है कि यह निर्णय स्टॉक एक्सचेंज और बाजार मध्यस्थों को भरोसे में लेकर किया गया है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com