यह कदम कंपनी के अवैध योजनाओं के जरिये लोगों से जुटाये गये धन की वसूली का हिस्सा है.
नई दिल्ली: सिक्योरिटीज एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) गुरुवार को सारदा ग्रुप ऑफ कंपनीज (Sharda Group of Companies) की तीन संपत्तियां नीलामी के लिये रखा है. यह नीलामी 5.21 करोड़ रुपये के आरक्षित मूल्य पर 16 दिसंबर को होगी. यह कदम कंपनी के अवैध योजनाओं के जरिये लोगों से जुटाये गये धन की वसूली का हिस्सा है. मार्केट रेगुलेटर SEBI ने एक नोटिस में कहा कि नीलामी 16 दिसंबर, 2022 को दिन में 11 बज से 12 बजे तक होगी. जिन संपत्तियों की नीलामी की जाएगी, उसमें पश्चिम बंगाल में स्थित भूखंड शामिल हैं. इन संपत्तियों के लिये आरक्षित मूल्य 5.21 करोड़ रुपये है और रेगुलेटर ने ई-नीलामी की सुविधा प्रदान करने के लिये सी-1 इंडिया को नियुक्त किया है.
उल्लेखनीय है कि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने जून में अपने आदेश में सेबी को सारदा ग्रुप ऑफ कंपनीज की संपत्तियों की नीलामी के लिये कदम उठाने को कहा था. इस संदर्भ में सभी काम तीन महीने के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
सारदा ग्रुप ऑफ कंपनीज 239 निजी कंपनियों का समूह है. इस समूह पर पश्चिम बंगाल, असम और ओड़िशा में चिट फंड चलाने और 17 लाख जमाकर्ताओं से 4,000 करोड़ रुपये जुटाने का आरोप है. यह समूह अप्रैल 2013 में धाराशायी हो गया था. इस मामले को लेकर राज्य सरकार ने 500 करोड़ का कोष बनाने का भी ऐलान किया था.
इतना ही नही, धोखाधड़ी करने वाले जमाकर्ताओं को मुआवजा देने के लिए सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति श्यामल सेन की अध्यक्षता में गठित आयोग को 287 करोड़ रुपये दिए गए थे. यह मामला लंबे समय से कोर्ट में चल रहा है. इस मामले में संगठन के प्रमुख सुदीप्त सेन को गिरफ्तार किया गया था.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)