यह ख़बर 22 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

किंगफिशर को कर्ज की खबर पर एसबीआई का शेयर गिरा

खास बातें

  • देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई के शेयरों में संकटग्रस्त विमानन कम्पनी किंगफिशर एयरलाइंस को कर्ज देने पर सहमत होने की खबर के बीच लगभग 8 फीसदी गिरावट देखी गई।
मुम्बई:

देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के शेयरों में बुधवार को संकटग्रस्त विमानन कम्पनी किंगफिशर एयरलाइंस को कर्ज देने पर सहमत होने की खबर के बीच लगभग आठ फीसदी गिरावट देखी गई।

बम्बई स्टॉक एक्सचेंज में बैंक के शेयर 7.91 फीसदी गिरावट के साथ 2,257.80 रुपये पर बंद हुए। कारोबारी सत्र में शेयरों ने 2,242.00 रुपये का निचला स्तर छुआ। मंगलवार को बैंक के शेयर 2451.75 रुपये पर बंद हुए थे।

समाचार माध्यमों में बुधवार को इस बाबत खबरें आईं कि एसबीआई की अगुआई में कई बैंकों का एक समूह विजय माल्या की संकटग्रस्त विमानन कम्पनी किंगफिशर एयरलाइंस को 1650 करोड़ रुपये का कर्ज देने पर सहमत हो गया है।

रिपोर्टों के मुताबिक इस कर्ज में एसबीआई का योगदान 1,200 करोड़ रुपये का होगा। बैंक के अधिकारियों ने हालांकि गोपनीयता का हवाला देते हुए प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया।

आयकर विभाग द्वारा विमानन कम्पनी के खाते जब्त कर लेने के कारण किंगफिशर को उड़ानों का संचालन करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विमानन कम्पनी ने 18 फरवरी से अब तक 180 से 200 उड़ानें रद्द की हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

किंगफिशर एयरलाइंस के भी शेयर बुधवार को बम्बई स्टॉक एक्सचेंज में 6.53 फीसदी गिरावट के साथ 25.05 रुपये पर बंद हुए।