खास बातें
- कुल पदों में से 4,987 अधिकारी एसबीआई के एसोसिएट्स बैंक के लिए, जबकि 206 अधिकारी एसबीआई के लिए नियुक्त किए जाएंगे।
New Delhi: सार्वजनिक क्षेत्र का देश का सबसे बड़ा बैंक एसबीआई (भारतीय स्टेट बैंक) 5,000 अधिकारियों की नियुक्ति करेगा। इसमें से ज्यादातर पद उसके एसोसिएट्स बैंकों के लिए हैं। कुल पदों में से 4,987 अधिकारी एसबीआई के एसोसिएट्स बैंक के लिए, जबकि 206 अधिकारी एसबीआई के लिए नियुक्त किए जाएंगे। जिन एसोसिएट्स बैंकों के लिए भर्ती किए जाएंगे, उनमें स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर, स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, स्टेट बैंक ऑफ मैसूर तथा स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर शामिल हैं। स्टेट बैंक ने इन सभी पदों के लिए विज्ञापन जारी कर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जहां एसोसिएट्स बैंकों के लिए प्रोबेशनरी अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, वही एसबीआई अपने लिए कानून, अर्थशास्त्र, स्वास्थ्य तथा सुरक्षा जैसे क्षेत्रों से संबद्ध विशेषज्ञ अधिकारियों की नियुक्ति करेगा। प्रस्तावित नियुक्ति योजना के तहत 1,000 प्रोबेशनरी अधिकारी स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर, स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद के लिए 1,416, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के लिए 1,328, स्टेट बैंक ऑफ मैसूर में 843 तथा स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर में 400 प्रोबेशनरी अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। पिछले साल, एसबीआई ने कहा था कि उसकी 27,000 कर्मचारियों की भर्ती की योजना है। इसमें 20,000 से 22,000 लिपिक पद के लिए तथा 5,500 पद प्रोबेशनरी अधिकारी के होंगे। एसबीआई समेत सभी सार्वजनिक बैंकों की 2011-12 में 45,000 कर्मचारियों की भर्ती की योजना है।