यह ख़बर 26 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

एसबीआई को पूंजी देने पर फैसला जल्द

खास बातें

  • स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को चालू वित्तवर्ष के दौरान सरकार से पूंजी सहायता मिलने की उम्मीद है और इस बारे में जल्दी ही फैसला किया जाएगा।
New Delhi:

देश के सबसे बड़े ऋणदाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) को चालू वित्तवर्ष के दौरान सरकार से पूंजी सहायता मिलने की उम्मीद है और इस बारे में जल्दी ही फैसला किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया, हम एसबीआई को पर्याप्त पूंजी सहायता देंगे, ताकि टीयर-1 पूंजी सरकार की मंशा के मुताबिक करीब आठ फीसदी रहे। सूत्रों ने बताया कि वित्तमंत्री को कुछ हफ्ते पहले इस संबंध में एसबीआई से एक प्रस्ताव मिला था, जिसका परीक्षण किया जा रहा है और इस बारे फैसला जल्दी ही किया जा रहा है। प्रस्ताव के मुताबिक एसबीआई को अगले दो वित्तवर्ष के लिए अपनी वृद्धि योजना के लिए 20,000 करोड़ रुपये की जरूरत है। सूत्रों ने बताया कि प्रस्ताव के आधार पर पूंजी सहायता देने की कई संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। इसके लिये राईट्स इश्यू, तरजीही शेयर इश्यू, वारंट आदि जारी किया जा सकता है। सूत्रों ने कहा कि अभी पूंजी सहायता के सही तरीके के बारे में टिप्पणी करना बहुत जल्दी होगी, क्योंकि अभी भी सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी बैंकों को पर्याप्त पूंजी देने के प्रति प्रतिबद्ध है, ताकि वे अपनी टायर-1 पूंजी आठ फीसदी के करीब बरकरार रख सकें। जून, 2011 में एसबीआई का पूंजी पर्याप्तता अनुपात 11.6 फीसदी था। इसमें से टीयर-1 पूंजी पहली तिमाही के अंत तक 7.6 फीसदी थी, जबकि सरकार चाहती है कि यह कम से कम आठ फीसदी रहे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com