खास बातें
- सर्वेक्षण में शामिल 84 प्रतिशत प्रतिभागियों ने आशावाद का प्रदर्शन किया है, क्योंकि उन्हें उम्मीद है कि 2011 में कारोबारी प्रदर्शन में काफी वृद्धि होगी।
नई दिल्ली: एक वैश्विक मानव संसाधन परामर्शदात्री कम्पनी द्वारा सोमवार को जारी किए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार, 2011 में कम्पनियां, अधिक वेतन देने और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने पर विचार करेंगी, क्योंकि उन्हें मौजूदा वर्ष में कारोबार में काफी वृद्धि की उम्मीद है। सर्वेक्षण में शामिल 84 प्रतिशत प्रतिभागियों ने आशावाद का प्रदर्शन किया है, क्योंकि उन्हें उम्मीद है कि 2011 में कारोबारी प्रदर्शन में काफी वृद्धि होगी। विभिन्न उद्योग क्षेत्रों की 91 कम्पनियों का प्रतिनिधित्व करने वाले एचआर प्रमुखों का मर्सर द्वारा किए गए सर्वेक्षण के अनुसार, सर्वेक्षण में शामिल की गई कम्पनियों ने इस बात की सम्भावना जाहिर की है कि 2011 में सभी उद्योगों में सभी कर्मचारियों के वेतन में औसतन 12.7 प्रतिशत की वृद्धि होगी। रिपोर्ट में कहा गया है, "सर्वेक्षण के निष्कर्षो में यह भी खुलासा हुआ है कि 94 प्रतिशत प्रतिभागियों ने नए पदों और पुराने पदों के लिए भारी नियुक्तियों का संकेत दिया है।" 'मर्सर इंडिया मॉनिटर' द्वारा तिमाही सर्वेक्षण किया गया और यह एचआर बजट और महंगाई पर केंद्रित था। मर्सर की भारत में सूचना उत्पाद समाधान की कारोबार प्रमुख, शमिता चटर्जी ने कहा, "बढ़ रही अर्थव्यवस्था को देखते हुए व्यापारिक प्रदर्शन को लेकर सभी की उम्मीदें फिलहाल सकारात्मक हैं। कई उद्योग क्षेत्रों में अच्छी वृद्धि हो रही है। यह रुझाना बताता है कि 2011 में एचआर बजट में अधिक वेतन वृद्धि, अधिक नियुक्ति और कर्मचारियों के वेतन प्रतिशत में वृद्धि के साथ प्रतिभाओं की मांग बढ़ जाएगी।"