खास बातें
- कैग की रिपोर्ट के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में गिरावट का सिलसिला सातवें दिन भी जारी रहा और यह करीब चार प्रतिशत गिरकर 834.60 पर बंद हुआ।
मुंबई: कैग की रिपोर्ट के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में गिरावट का सिलसिला सातवें दिन भी जारी रहा और यह करीब चार प्रतिशत गिरकर 834.60 पर बंद हुआ। भारत के नियंत्रक एवं महा लेखापरीक्षक (कैग) ने अपनी रिपोर्ट के मसौदे में पेट्रोलियम मंत्रालय और डीजीएच पर रिलायंस की केजी बेसिन गैस परियोजना की लागत के निर्धारण में आरआईएल का पक्ष लेने का आरोप लगाया है। सोमवार को देश की सबसे बड़ी कंपनी के शेयर बंबई स्टॉक एक्सचेंज में 3.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 834.60 रुपये पर बंद हुए। एक समय तो कंपनी के शेयरों में 4.53 प्रतिशत तक की गिरावट आ गई थी। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी के शेयरों में 4.10 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 833.15 रुपये पर बंद हुआ। इस तरह से कंपनी के शेयरों में सात सत्रों में 12 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आ चुकी है।