यह ख़बर 02 अप्रैल, 2012 को प्रकाशित हुई थी

प्रणब ने ममता को सराहा, बंगाल को निवेश गंतव्य बताया

खास बातें

  • विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच बढ़ती दूरी के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने रविवार को लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी की सराहना की।
कोलकाता:

विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच बढ़ती दूरी के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने रविवार को लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी की सराहना की। उन्होंने यह भी कहा कि ममता के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल निवेशकों के लिए एक नया पसंदीदा स्थान बन रहा है।

एसोचैम की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में मुखर्जी ने कहा, "पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव में राज्य के लोगों ने स्पष्ट रूप से संकेत दिया था कि वे परिवर्तन चाहते हैं और उनकी कुछ नई आकांक्षाएं हैं। मुझे खुशी हो रही है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में नई सरकार जनता की नई आकांक्षाओं पर खरा उतर रही है।"

पश्चिम बंगाल को निवेशकों के लिए नया पसंदीदा स्थान बताते हुए उन्होंने कहा, "हाल के दिनों में सामने आए घटनाक्रम से पता चलता है कि पश्चिम बंगाल निवेशकों के पसंदीदा स्थान के रूप में उभर रहा है। इससे इसके बेहतर भविष्य की उम्मीद जगी है। दिसम्बर, 2011 तक राज्य में 6.11 लाख करोड़ रुपये की करीब 900 परियोजनाओं पर काम हो रहा था।"

मुखर्जी ने कहा, "दिसम्बर, 2011 तक केंद्र सरकार और निजी क्षेत्रों की ओर से घोषित निवेश में पश्चिम बंगाल की भागीदारी 4.4 प्रतिशत है।"

केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य को 58,000 करोड़ रुपये के नए निवेश मिले हैं, जो इस बात के साफ संकेत हैं कि उद्योगपति एवं निवेशक राज्य में असीम सम्भावनाएं देख रहे हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मुखर्जी ने कहा, "पश्चिम बंगाल ने 58,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया है। कुल निवेश में निर्माण क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है। कुल निवेश में इसकी भागीदारी 36.5 प्रतिशत की है। इसके बाद 29.4 प्रतिशत के साथ बिजली और 18.9 प्रतिशत के साथ सेवा क्षेत्र का स्थान आता है।" उन्होंने कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के साथ ही अधिक पूंजी आकर्षित करने के अवसर बढ़े हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, "पश्चिम बंगाल में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में लोगों ने जनादेश दिया, उससे उनके परिवर्तन की चाह स्पष्ट हो गई थी। मैं खुश हूं कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की नई सरकार लोगों की आकांक्षाओं एवं उम्मीदों के अनुसार काम कर रही है।"