यह ख़बर 11 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पॉस्को स्थल पर फिर से पुलिस की तैनाती

खास बातें

  • इससे पहले उड़ीसा सरकार ने शुक्रवार को प्रवेश क्षेत्र ढिंकिया में पॉस्को विरोधी प्रदर्शनकारियों के जमा होने को गैरकानूनी करार दिया था।
पारादीप:

उड़ीसा सरकार ने पॉस्को स्थल के पास फिर से पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी और संकेत दिया कि अगर प्रदर्शनकारी प्रस्तावित स्टील परियोजना स्थल के आसपास अधिकारियों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले शुक्रवार को प्रवेश क्षेत्र ढिंकिया में पॉस्को विरोधी प्रदर्शनकारियों के जमा होने को गैरकानूनी करार दिया गया था। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परियोजना के लिए जमीन देने से मना कर रहे गांववालों ने प्रवेश क्षेत्र में तीन स्तरीय मानव शृंखला बनाई, जिसके बाद करीब 800 पुलिसकर्मियों की इस क्षेत्र में पुन: तैनाती की गई। इससे पहले शुक्रवार को पुलिसकर्मियों को हटा लिया गया था और जगतसिंहपुर जिला प्रशासन ने अधिकारियों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रदर्शनकारियों से बातचीत की कोशिश की थी। बाद में ग्रामीणों ने अपने स्थान से हटने से मना कर दिया। इन विरोध प्रदर्शनकारियों में बच्चे सबसे आगे हैं और महिलाएं और बुजुर्ग इनका अनुसरण कर रहे हैं। जगतसिंहपुर के जिलाधिकारी एनसी जेना ने कहा, प्रदर्शनकारियों को हटाने संबंधी लगातार किया जा रहा प्रयास अगर परवान नहीं चढ़ता तो उचित कदम उठाया जा सकता है। सरकार बलप्रयोग नहीं करना चाहती, लेकिन अगर इलाके में गैरकानूनी जमघट होता है, तो आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com