खास बातें
- उड़ीसा के जगतसिंहपुर जिले में 12 अरब डॉलर की पॉस्को परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण का काम भारी बारिश के कारण रुक गया है।
भुवनेश्वर: उड़ीसा के जगतसिंहपुर जिले में 12 अरब डॉलर की पॉस्को परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण का काम भारी बारिश के कारण रुक गया है। इस बीच गोविंदपुर गांव में अधिग्रहण का विरोध कर रहे हजारों लोगों ने प्रदर्शन जारी रखा है। सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश प्रदर्शनकारियों को अपना समर्थन देने के लिए गांव पहुंच चुके हैं। इससे पहले स्थानीय पर्व के कारण दक्षिण कोरियाई कम्पनी पॉस्को के लिए जमीन अधिग्रहण का काम चार दिनों तक रोकना पड़ा था। अतिरिक्त जिलाधिकारी एसके चौधरी ने बताया, हमने बारिश के कारण एक बार फिर जमीन अधिग्रहण का काम रोक दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मौसम ठीक रहा, तो अधिग्रहण की प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो सकती है। इस बीच बारिश के दौरान छाता लिए हजारों ग्रामीणों को गोविंदपुर गांव में प्रदर्शन करते देखा गया। स्वामी अग्निमेश के यहां पहुंचने के कारण ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन को बल मिला है। पॉस्को ने यहां 1.2 टन क्षमता की इस्पात परियोजना लगाने की योजना बनाई है, जो देश में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी पूंजी निवेश है।