यह ख़बर 27 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

पुलिस को शक, टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक कार्ल स्लिम ने की होगी आत्महत्या

कार्ल स्लिम का फाइल फोटो

बैंकाक:

टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक कार्ल स्लिम की मौत के संबंध में पुलिस को आत्महत्या का शक है। पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि जांच में कमरे में ऐसा कुछ भी नहीं मिला जिससे किसी भी प्रकार के विरोध का कोई प्रमाण मिले।

गौरतलब है कि रविवार को कार्ल का बैंकाक में निधन हो गया था। जाहिर तौर पर उनकी मौत वहां होटल के किसी ऊंचे तले से गिरने हुई।

स्लिम कंपनी की थाइलैंड इकाई की बोर्ड बैठक के सिलसिले में वहां गए थे।

कंपनी के एक प्रवक्ता के मुताबिक, स्लिम संभवत: होटल के किसी ऊपरी मंजिल से गिर गए। उनका पोस्टमार्टम सोमवार को होगा।

टाटा मोटर्स ने एक बयान में स्लिम के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। स्लिम
(51) साल 2012 में टाटा मोटर्स से जुड़े थे और वे चुनौतीपूर्ण बाजार परिस्थितियों में कंपनी की अगुवाई कर रहे थे।

टाटा मोटर्स के चेयरमैन साइरस पी मिस्त्री ने स्लिम के आकस्मिक निधन पर संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा है, 'मैं गहरे दुख के साथ कंपनी के प्रबंध निदेशक कार्ल स्लिम के असामयिक व दुखद निधन की सूचना दे रहा हूं।' 'अक्तूबर, 2012 में हमारे साथ जुड़े स्लिम एक मूल्यवान सहकर्मी थे, जो भारतीय वाहन उद्योग के लिए चुनौतीपूर्ण समय में मजबूत नेतृत्व प्रदान कर रहे थे। इस दुखद क्षण में हम कार्ल की पत्नी एवं उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं।'

पुनर्गठन प्रक्रिया के तहत स्लिम ने कर्मचारियों के एक वर्ग के लिए पिछले सप्ताह स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना की घोषणा की थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

टाटा मोटर्स से जुड़ने से पहले स्लिम एसजीएमडब्ल्यू मोटर्स, चीन में कार्यकारी उपाध्यक्ष थे। इससे पहले 2007-11 तक वह भारत में जनरल मोटर्स के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक रहे।