यह ख़बर 19 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

ओएनजीसी बनी दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी

खास बातें

  • तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) बाजार पूंजीकरण के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज से आगे निकल गई है और दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
Mumbai:

देश की सबसे मूल्यवान कंपनी का तमगा गंवाने के बाद अब रिलायंस इंडस्ट्रीज बाजार पूंजीकरण के मामले में तीसरे स्थान पर खिसक गई है। सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया ने इससे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज को पछाड़कर पहला स्थान हासिल कर लिया था। अब एक अन्य सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) बाजार पूंजीकरण के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज से आगे निकल गई है और दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। शुक्रवार सुबह 11.45 बजे बंबई शेयर बाजार में ओएनजीसी का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 2,38,528 करोड़ रुपये हो गया, जो रिलायंस इंडस्ट्रीज से करीब 600 करोड़ रुपये अधिक है। उस समय तक रिलायंस का बाजार पूंजीकरण 2,37,882 करोड़ रुपये था। शेयर बाजार में उसका शेयर 1.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। इसके उलट ओएनजीसी के शेयर में 1.07 फीसद की बढ़त दर्ज हुई थी। वहीं कोल इंडिया लिमिटेड 2,50,580 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ शीर्ष स्थान पर कायम है। गुरुवार को कारोबार बंद होने के समय तक सीआईएल का बाजार पूंजीकरण 2,46,780.36 करोड़ रुपये था, जबकि रिलायंस 2,42,267.27 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर थी। ओएनजीसी का बाजार पूंजीकरण गुरुवार को 2,36,003.02 करोड़ रुपये था, और वह तीसरे स्थान पर थी। इससे पहले 17 अगस्त को सीआईएल ने बाजार पूंजीकरण के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज को पीछे छोड़ दिया था और वह देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई थी। दिलचस्प तथ्य यह है कि चार साल पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज ओएनजीसी को पीछे छोड़कर देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी थी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com