खास बातें
- तेल निर्यातक देशों के संगठन ओपेक की बैठक में उत्पादन बढ़ाने पर सहमति नहीं बन पाने के कारण कीमत में तेजी आयी है।
सिंगापुर: एशियाई कारोबार में कच्चे तेल के भाव में तेजी दर्ज की गयी है। तेल निर्यातक देशों के संगठन ओपेक की बैठक में उत्पादन बढ़ाने पर सहमति नहीं बन पाने के कारण कीमत में तेजी आयी है। न्यूयॉर्क का मुख्य अनुबंध लाइट स्वीट क्रूड का भाव जुलाई डिलीवरी के लिए 49 सेंट्स बढ़कर 101.23 डालर बैरल रहा। इसी प्रकार, ब्रेंट नार्थ सीट क्रूड की कीमत जुलाई माह की डिलीवरी के लिये 27 सेंट्स बढ़कर 118.2 डालर बैरल रही। ऊर्जा के बारे में परामर्श देने वाली सिंगापुर स्थित पुरविन एंड गेट्ज के विशेषज्ञ विक्टर शुम ने कहा, उत्पादन बढ़ाने को लेकर ओपेक देशों में सहमति नहीं बन पाने के कारण कीमत में तेजी आयी है। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में कल हुई ओपेक की बैठक में उत्पादन को 2.48 करोड़ बैरल प्रतिदिन के स्तर पर बनाये रखने का फैसला किया गया। संगठन के सदस्य जनवरी 2009 से इतने ही मात्रा में तेल का उत्पादन करते आ रहे हैं।