खास बातें
- एनटीपीसी मोउडा (महाराष्ट्र) बिजली परियोजना के तहत 5,700 करोड़ रुपये के निवेश से 2012 तक यहां 500-500 मेगावाट क्षमता की दो इकाई लगाएगी।
नागपुर: सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी मोउडा (महाराष्ट्र) बिजली परियोजना के तहत 5,700 करोड़ रुपये के निवेश से 2012 तक यहां 500-500 मेगावाट क्षमता की दो इकाई लगाएगी। नागपुर जिले के संरक्षक मंत्री शिवाजीराव मोघे ने कहा, पहली इकाई से बिजली उत्पादन मार्च, 2012 तक, जबकि दूसरी इकाई से सितंबर, 2012 तक उत्पादन शुरू होगा। दोनों इकाइयों पर काम निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक चल रहा है। किसानों के बिना किसी प्रतिरोध के जरूरी जमीन का अधिग्रहण कर लिया गया है। मोघे ने कहा कि परियोजना पर पहले चरण में 5,700 करोड़ रुपये तथा दूसरे चरण में 8,500 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। दूसरे चरण में 660-660 मेगावाट क्षमता की दो इकाई लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी के इस बिजलीघर को वेस्टर्न कोलफील्ड्स लि. से मिलेगा। मोघे ने कहा कि प्रतिबद्धता के तहत एनटीपीसी कुल उत्पादित बिजली में से 37 प्रतिशत महाराष्ट्र को बेचेगी। कंपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत एनटीपीसी अस्पताल और स्कूल की भी स्थापना कर रही है।