खास बातें
- सॉफ्टवेयर एवं बीपीओ सेवा प्रदाता कंपनी टेक महिंद्रा ने अफ्रीका में अपने कारोबार के संचालन के लिए नाइजीरिया में कंपनी मुख्यालय खोलने का फैसला किया है।
लागोस: भारत की अग्रणी सॉफ्टवेयर एवं बीपीओ सेवा प्रदाता कंपनी टेक महिंद्रा ने अफ्रीका में अपने कारोबार के संचालन के लिए नाइजीरिया में कंपनी का मुख्यालय खोलने का फैसला किया है। नाइजीरिया में अपने संचालन के दो वर्ष पूरे होने के मौके पर कंपनी ने यह घोषणा की। पिछले दो वर्षों के दौरान कंपनी नाइजीरिया की एमटीएन और मल्टीलिंक्स के साथ व्यवसाय कर रही है। हाल ही में टेक महिंद्रा ने क्षेत्र के सात देशों में भारती एयरटेल अफ्रीका के लिए बीपीओ स्थापित करने का सौदा किया है। टेक महिंद्रा के कंपनी मामलों और व्यापार सेवा के अध्यक्ष सुजित बक्सी ने कहा, हम अफ्रीका के बढ़ते बाजार में हिस्सेदार बनकर काफी उत्साहित हैं। अफ्रीका में हमने अपने ग्राहकों को पहले ही संचालन खर्च में कमी और नई आय अर्जित करने में सहायता कर चुके हैं। उन्होंने कहा, टेक महिंद्रा ने बीपीओ संचालन के लिए नाइजीरिया में हजारों स्थानीय कर्मचारियों की भर्ती की है, ताकि स्थानीय कौशल का प्रभावी तरीके से इस्तेमाल किया जा सके। अगले दो वर्ष में हमारी योजना स्थानीय कर्मचारियों की एक फोज खड़ा करने की है, जो बीपीओ का संचालन कर सकें। उन्होंने कहा कि टेक महिंद्रा उन भारतीय कंपनियों में शामिल हो गई है, जिसके अफ्रीका में बड़ी संख्या में कर्मचारी हैं।