खास बातें
- एसी और रेफ्रिजरेटरों की मांग कम होने से उपभोक्ता टिकाऊ बनाने वाली कंपनियां बिक्री बढ़ाने के लिए टेलीविजन तथा अन्य उपकरणों पर दांव लगा रही हैं।
नई दिल्ली: इस साल पारा चढ़ने में देरी के कारण एयर कंडीशनरों और रेफ्रिजरेटरों की मांग कम होने से उपभोक्ता टिकाऊ बनाने वाली कंपनियां बिक्री बढ़ाने के लिए टेलीविजन तथा अन्य उपकरणों पर दांव लगा रही हैं। कंज्यूमर इलेक्ट्रानिक्स एंड एप्लायंसेस मैनुफैक्चर्स एसोसिएशन (सीईएएमए) के महासचिव अमिताभ ने कहा, इस साल पारा चढ़ने में देरी के कारण एयरकंडीशनर तथा रेफ्रिजरेटर्स की मांग प्रभावित हुई है। इसका उपभोक्ता टिकाऊ उद्योग की वृद्धि पर प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा, हालांकि, साल के अंत में स्थिति में सुधार होगा क्योंकि अन्य क्षेत्र बेहतर कर रहे हैं। अमिताभ ने कहा कि इस साल अब तक फ्लैट पैनल टेलीविजन, वाशिंग मशीन तथा अन्य घरेलू उपकरणों की अच्छी बिक्री हुई है। इसी प्रकार, का विचार प्रकट करते हुए सैमसंग इंडिया के उप प्रबंध निदेशक रविन्दर जुत्शी ने कहा कि कंपनी के एयर कंडीशनरों की बिक्री घटी है लेकिन टेलीविजन तथा अन्य उपकरणों की बिक्री उम्मीद के अनुरूप है। पिछले साल अप्रैल-जून में उपभोक्ता टिकाऊ उद्योग की वृद्धि 30 प्रतिशत रही। एयर कंडीशनर तथा घरेलू उपकरणों की वृद्धि भी 30-30 प्रतिशत रही। सीईएएमए के अनुसार उपभोक्ता टिकाउ बाजार फिलहाल 35,000 करोड़ रुपये है तथा पिछले कुछ महीने से इसमें करीब 13 प्रतिशत की वृद्धि हो रही है।