खास बातें
- सेबी ने नए आईपीओ के लिए नया सरल फॉर्म जारी करने का फैसला किया है। इससे पूंजी बाजार में खुदरा निवेशकों का योगदान बढ़ाया जा सकेगा।
Mumbai: पब्लिक इश्युओं में निवेश करने वाले छोटे निवेशकों को आवेदन फॉर्म भरने में अब ज्यादा परेशानी नहीं होगी। नए इश्युओं में शेयर खरीद के लिए जल्द ही नया सरल आवेदन फॉर्म जारी होगा। पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने नए पब्लिक इश्युओं (आईपीओ) के लिए नया छोटा और सरल फॉर्म जारी करने का फैसला किया है। सेबी का मानना है कि इससे पूंजी बाजार में खुदरा निवेशकों का योगदान बढ़ाया जा सकेगा। सेबी अध्यक्ष यूके सिन्हा ने कहा कि आईपीओ में आवेदन करने का मौजूदा फॉर्म निवेशकों के अनुकूल नहीं है। इसे समझने में बहुत समय लगता है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए पूरा फॉर्म बदला जा रहा है, और नया आवेदन पत्र मौजूदा दस्तावेज के मुकाबले काफी छोटा होगा। सेबी निदेशक मंडल की बैठक के बाद सिन्हा ने कहा कि इसका मकसद शेयरों के लिए आवेदन करने वाले पत्र को सरल और समझने लायक बनाना है, ताकि आम खुदरा निवेशक की भागीदारी इसमें बढ़े और पूंजी बाजार से उन्हें ज्यादा जोड़ा जा सके। बोर्ड ने यह भी तय किया कि नए आवेदन फॉर्म में समूह की अन्य कंपनियों, प्रति शेयर अर्जित मूल्य औसत (पीई रेशियो), कंपनी के पिछले रिकॉर्ड, आईपीओ के लीड मैनेजर के रिकॉर्ड की भी जानकारी दी जाएगी। पब्लिक इश्युओं के मौजूदा आवेदन फॉर्म काफी बड़े और कई पन्नों में होता है। इसमें कई ऐसी जानकारियां भी देनी होती हैं, जिन्हें हटाया जा सकता है। ये फॉर्म 15 से 20 पन्नों के होते हैं, जबकि केवल शुरुआती दो-तीन पेज ही भरने होते हैं।