खास बातें
- रेल यात्री ई-टिकट के मामले में सामान्य प्रिंट आउट लेने की बजाय अब अपने मोबाइल फोन से ई-टिकट प्राप्त कर सकेंगे।
नई दिल्ली: रेल यात्री ई-टिकट के मामले में सामान्य प्रिंट आउट लेने की बजाय अब अपने मोबाइल फोन से ई-टिकट प्राप्त कर सकेंगे। एम टिकट नाम से शुरू की गई मोबाइल फोन आधारित टिकट बुकिंग व्यवस्था के तहत यात्री अपने मोबाइल फोन से ट्रेन का टिकट बुक करा सकेंगे और उन्हें इस ई-टिकट का प्रिंट लेने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि वे अपने साथ उस डिस्प्ले टिकट को रख सकेंगे जो एसएमएस के जरिये उनके मोबाइल फोन पर प्राप्त होगा। इसका मतलब यह होगा कि यात्रियों को रेल यात्रा के दौरान अब अपने टिकट का प्रिंट कॉपी लेकर नहीं चलना होगा और उन्हें बस उस एसएमएस को दिखना होगा जो उनके मोबाइल फोन पर आया होगा। यात्रियों के लिए एम-टिकट की यह सुविधा भारतीय रेलवे द्वारा शुरू की गई रेलवे के एक नए व्यापक वेब पोर्टल का हिस्सा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकता में पूर्व रेलवे और कोलकता मेट्रो रेलवे द्वारा आयोजित एक समारोह में इस नई सुविधा का शुभारंभ किया। मोबाइल फोन से ई-टिकट बुक कराने की इस सुविधा का लाभ उठाने के इच्छुक उपयोगकर्ता भारतीय रेलवे के वेब पोर्टल से अपने सेल फोन पर मोबाइल टिकटिंग एप्लीकेशन को डाउनलोड कर सकेंगे। टिकट बुकिंग करने और भुगतान की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उपयोगकर्ता को एसएमएस के जरिये टिकट का ब्यौरा भेजा जाएगा जिसे मोबाइल रिजर्वेशन मैसेज (एमआरएम) का नाम दिया गया है।