यह ख़बर 28 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

मार्च तिमाही में 5.94 करोड़ नए मोबाइल ग्राहक बने

खास बातें

  • दूरसंचार कंपनियों ने मार्च तिमाही के दौरान 5.94 करोड़ नए ग्राहक बनाए हैं, जिससे देश में मोबाइल ग्राहकों की संख्या 81.15 करोड़ हो गई है।
नई दिल्ली:

भारतीय दूरसंचार कंपनियों ने 31 मार्च, 2011 को समाप्त तिमाही के दौरान 5.94 करोड़ नए मोबाइल ग्राहक बनाए हैं, जिससे देश में कुल मोबाइल ग्राहकों की संख्या 81.15 करोड़ हो गई है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान कुल मोबाइल ग्राहकों (जीएसएम और सीडीएमए) की संख्या 7.90 प्रतिशत बढ़कर 81.15 करोड़ हो गई, जो 31 दिसंबर, 2010 को समाप्त तिमाही में 75.21 करोड़ थी। तिमाही के दौरान देश में कुल फोन कनेक्शनों की संख्या बढ़कर 84.63 करोड़ हो गई है, जो इससे पिछली तिमाही में 78.72 करोड़ थी। ट्राई ने कहा कि इस दौरान फोन घनत्व (प्रति सौ व्यक्तियों पर फोन) 70.89 प्रतिशत हो गया। हालांकि, तिमाही के दौरान जीएसएम वर्ग में औसत राजस्व प्रति ग्राहक (एआरपीयू) 4.52 प्रतिशत घटकर 100 रुपये पर आ गया। इससे पिछली तिमाही में यह 105 रुपये पर था। सीडीएमए वर्ग में एआरपीयू 66 रुपये पर था। तिमाही के दौरान फिक्स्ड लाइन फोन कनेक्शनों की संख्या घटकर 3.47 करोड़ पर आ गई, जो इससे पिछली तिमाही में 3.50 करोड़ थी। इस अवधि में इंटरनेट ग्राहकों की संख्या 5.29 प्रतिशत बढ़कर 1.96 करोड़ हो गई, जो इससे पिछली तिमाही में 1.86 करोड़ थी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com