खास बातें
- टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 15,217.23 करोड़ रुपये घटकर 2,06,817.32 करोड़ रुपये रह गया। इंफोसिस को 10,119.92 करोड़ रुपये का घाटा हुआ।
Mumbai: अमेरिका में मंदी की आशंका और यूरो क्षेत्र में ऋण संकट गहराने से बीते सप्ताह देश के शेयर बाजारों में भारी गिरावट दर्ज हुई। सप्ताह के दौरान टीसीएस, आरआईएल और इंफोसिस जैसी ब्लूचिप कंपनियों के शेयरों का बाजार पूंजीकरण घट गया। बीते सप्ताह बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में 900 से अधिक अंक की गिरावट दर्ज हुई। शुक्रवार को एक ही दिन में सेंसेक्स 387 अंक नीचे आ गया। इसका असर शेयरों के मूल्य पर भी पड़ा। सप्ताह के दौरान देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से आठ का बाजार पूंजीकरण 73,396.47 करोड़ रुपये घट गया। सबसे ज्यादा नुकसान आईटी निर्यातक टीसीएस को हुआ। टीसीएस और इंफोसिस जैसी आईटी कंपनियों की कुल आमदनी में 60 फीसदी योगदान अमेरिका और यूरोपीय बाजारों का रहता है। टीसीएस का बाजार पूंजीकरण सप्ताह के दौरान 15,217.23 करोड़ रुपये घटकर 2,06,817.32 करोड़ रुपये रह गया। वहीं इंफोसिस को 10,119.92 करोड़ रुपये का घाटा हुआ और उसका बाजार पूंजीकरण 1,48,744.2 करोड़ रुपये रह गया। सप्ताह के दौरान टीसीएस के शेयर में सात प्रतिशत तथा इंफोसिस में छह फीसदी की गिरावट आई। देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 11,803.75 करोड़ रुपये घटकर 2,59,207.58 करोड़ रुपये रह गया। एफएमसीजी कंपनी आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 9,143.7 करोड़ रुपये घटकर 1,52,265.89 करोड़ रुपये रह गया।