खास बातें
- मीडिया कम्पनी न्यूज कॉरपोरेशन ने ऑनलाइन विज्ञापन नेटवर्क कम्पनी स्पेशफिक मीडिया को 3.5 करोड़ डॉलर में 'माईस्पेश' बेच दिया।
लॉस एंजेलिस: दिग्गज मीडिया कम्पनी न्यूज कॉरपोरेशन ने ऑनलाइन विज्ञापन नेटवर्क कम्पनी स्पेशफिक मीडिया को 3.5 करोड़ डॉलर में 'माईस्पेश' बेच दिया है। समाचार पत्र लॉस एंजलिस टाइम्स के मुताबिक न्यूज कॉरपोरेशन ने करीब छह साल पहले 'माईस्पेश' को 58 करोड़ डॉलर में खरीदा था। उस समय सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक का कोई अता पता नहीं था। फेसबुक के आने से 'माईस्पेश' के उपयोगकर्ताओं और उसके राजस्व में भारी कमी आई है। कैलीफोर्निया के इरविन में स्थित स्पेशफिक मीडिया के साथ हुए इस समझौते के बाद न्यूज कॉरपोरेशन के इतिहास का एक विफल अध्याय का समापन हो गया है, जो पिछले कुछ समय से सम्भावित खरीददार की तलाश में थी। कम्पनी के मालिकाना हक में बदलाव के बाद कर्मचारियों की छंटनी की प्रक्रिया शुरू होने की सम्भावना है। जनवरी में कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की गई थी। कम्पनी से करीब 500 कर्मचारियों को हटाए जाने की सम्भावना है। वर्ष 2005 में न्यूज कॉरपोरेशन ने जब माईस्पेश का अधिग्रहण किया तो कम्पनी के पास करीब दो करोड़ और अक्टूबर 2008 में 7.6 करोड़ उपभोक्ता थे, लेकिन वर्तमान में अमेरिका में माईस्पेश के केवल 3.5 करोड़ उपयोगकर्ता हैं जो फेसबुक के 15.7 करोड़ की तुलना में काफी कम है।