खास बातें
- वैश्विक उड्डयन संघ ने कहा कि इस वर्ष मई में वैश्विक हवाई यात्रियों की संख्या में पिछले वर्ष मई की तुलना में 6.8 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
नई दिल्ली: वैश्विक उड्डयन संघ ने गुरुवार को कहा कि इस वर्ष मई में वैश्विक हवाई यात्रियों की संख्या में पिछले वर्ष मई की तुलना में 6.8 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। इंटरनेशनल एअर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) के मुताबिक यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण विमानन कम्पनियों को ईंधन की कीमत बढ़ने जैसी बड़ी मुश्किल से जूझने में मदद मिली। आईएटीए के मुताबिक माल भाड़ा वर्ग में अभी भी मंदी का दौर जारी है। इसमें पिछले वर्ष मई की तुलना में चार फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। आईएटीए की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में घरेलू उड्डयन सेवा मई महीने में 13.8 फीसदी रही, जो पिछले वर्ष मई महीने में 19.9 फीसदी रही थी। आईएटीए के महानिदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जियोवानी बिसीगानी ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि 2011 में उड्डयन उद्योग फायदे में रहेगा लेकिन उसे मध्य पूर्व में जारी राजनीतिक अस्थिरता और यूरोपीय मुद्रा समस्या से सावधान रहना होगा।