खास बातें
- मई महीनें में कारों की बिक्री 1,58,817 इकाई रही जो पिछले साल के समान महीने के मुकाबले सात प्रतिशत अधिक है।
New Delhi: देश में कार समेत सभी वाहनों की बिक्री का सिलसिला जारी है। मई महीनें में कारों की बिक्री 1,58,817 इकाई रही जो पिछले साल के समान महीने के मुकाबले सात प्रतिशत अधिक है। पिछले साल मई महीने में 1,48,425 कार बिकी थी। वाहन निर्माताओं के संगठन सोसाइटी आफ इंडियन ओटोमोबाइल्स मैनुफैक्चर्स (सियाम) के आज जारी आंकड़ों के अनुसार आलोच्य महीने में मोटरसाइकिलों की बिक्री 14.33 प्रतिशत बढ़कर 8,29,255 इकाई रही जो इससे पूर्व वर्ष के इसी महीने में 7,25,311 इकाई थी। आंकड़ों के मुताबिक कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री मई महीने में 14.49 प्रतिशत बढ़कर 10,72,287 इकाई रही। इससे पूर्व 2010 के इसी महीने में कंपनियों ने 9,36,555 दोपहिया वाहन बेचे थे। इसी प्रकार, वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री आलोच्य महीने में 16.16 प्रतिशत बढ़कर 56,314 इकाई रही जो इससे पूर्व वर्ष के इसी महीने में 48,479 इकाई थी। सभी प्रकार के वाहनों की बिक्री मई महीने में 13,70,786 इकाई रही जो पिछले साल के समान महीने के मुकाबले 13.40 प्रतिशत अधिक है। पिछले साल मई महीने में कुल 12,08,820 वाहन बिके थे।