यह ख़बर 20 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बीते सप्ताह सेंसेक्स आया 15 महीने के निचले स्तर पर

खास बातें

  • दुनियाभर के शेयर बाजारों में देखी जा रही बिकवाली के बीच देश के शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांक 15 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गए।
मुम्बई:

वैश्विक आर्थिक मंदी की आशंका से दुनियाभर के शेयर बाजारों में देखी जा रही बिकवाली के बीच देश के शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांक 15 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गए। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को सप्ताहभर के कारोबार के बाद 4.14 फीसदी या 697.96 अंकों की गिरावट के साथ 16,141.67 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में लगातार चौथे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को सेंसेक्स 328.12 अंकों की गिरावट के साथ 15 महीने के निचले स्तर 16,141.67 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक निफ्टी में भी सप्ताह भर के कारोबार में चार फीसदी से अधिक की गिरावट रही। निफ्टी शुक्रवार को 1.99 फीसदी गिरावट के साथ 4,845.65 पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पुअर्स (एसएंडपी) द्वारा अमेरिकी अर्थव्यवस्था की साख की रेटिंग घटा देने के बाद से पूरी दुनिया में शेयर बाजारों में गिरावट देखी जा रही है। एसएंडपी ने पांच अगस्त को अमेरिकी अर्थव्यवस्था की साख की रेटिंग 'एएए' से घटाकर 'एए+' कर दी थी। अमेरिकी अर्थव्यवस्था की रेटिंग में यह पहली गिरावट थी। केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने शुक्रवार को कहा था कि अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजारों में बिकवाली का भारतीय शेयर बाजारों पर नकारात्मक असर हो रहा है। मुखर्जी ने हालांकि कहा था कि भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत है और देश पर मौजूदा संकट का अधिक असर नहीं होगा। शुक्रवार को सेंसेक्स में गिरावट में रहने वाले प्रमुख शेयरों में थे इंफोसिस (5.79 फीसदी), टाटा मोटर्स (5.28 फीसदी), एलएंडटी (4.95 फीसदी) और भेल (4.63 फीसदी)। सेंसेक्स में शुक्रवार को तेजी में रहने वाले शेयरों में प्रमुख थे जयप्रकाश एसोसिएट्स (2.5 फीसदी), डीएलएफ (2.47 फीसदी), हीरो मोटोकॉर्प (2.19 फीसदी) और हिंडाल्को (1.13 फीसदी)। बीएसई में एक को छोड़कर बाकी सभी सेक्टरों में गिरावट दर्ज की गई।  सूचना प्रौद्योगिकी, पूंजीगत वस्तु, दूरसंचार और बैंकिंग सेक्टर में सर्वाधिक गिरावट देखी गई। एशिया के प्रमुख बाजारों में शुक्रवार को जापान का निक्के ई 2.51 फीसदी गिरावट के साथ 8,719.24 पर, चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स 0.98 फीसदी गिरावट के साथ 2,534.36 पर और हांगकांग का हैंग सैंग 3.08 फीसदी गिरावट के साथ 19,399.92 पर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुक्रवार को ब्रिटेन का एफटीएसई100 1.01 फीसदी गिरावट के साथ 5,040.76 पर, जर्मनी का डैक्स 2.19 फीसदी गिरावट के साथ 5,480.00 पर और फ्रांस का सीएसी40 1.92 फीसदी गिरावट के साथ 3,016.99 पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com