खास बातें
- मजूबत वैश्विक संकेतों के बीच सेंसेक्स 156.77 अंक या 0.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,498.47 अंक पर पहुंच गया।
मुंबई: हाल में लगातार नुकसान उठाने वाले आईटी तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी ब्लूचिप कंपनियों के शेयरों की उड़ाने से बंबई शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला लगातार दूसरे दिन जारी रहा। मजूबत वैश्विक संकेतों के बीच सेंसेक्स 156.77 अंक या 0.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,498.47 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50.10 अंक या 1.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,948.90 अंक पर पहुंच गया। कल सेंसेक्स में 200 अंक की बढ़त दर्ज हुई थी। ब्रोकरों ने कहा कि आईटी शेयरों में बेहतर लिवाली से बाजार की धारणा को बल मिला। निवेशकों ने वर्तमान निचले स्तर पर आईटी शेयर खरीदे। ब्रोकरों ने कहा कि बृहस्पतिवार को डेरिवेटिव अनुबंध के अंतिम दिन से पहले शॉर्टकवरिंग से भी बाजार को आगे बढ़ने में मदद मिली। आईटी उद्योगों के संगठन नास्कॉम ने कहा है कि अमेरिका और यूरोपीय बाजार में अनिश्चितता के बावजूद इस वित्त वर्ष में आईटी क्षेत्र की वृद्धि दर 16 से 18 प्रतिशत रहेगी। इससे आईटी शेयरों में जोरदार उछाल आया। ब्रोकरों ने कहा कि निवेशकों को यह भी उम्मीद है कि अमेरिका अपनी अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए कुछ और नए कदमों का ऐलान कर सकता है। आईटी वर्ग का सूचकांक 3.94 प्रतिशत चढ़ गया। इससे पिछले तीन सत्रों में इसमें गिरावट आई थी। देश की सबसे बड़ी साफ्टवेयर निर्यातक टीसीएस का शेयर 6.66 प्रतिशत के लाभ के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स की दूसरी प्रमुख कंपनी इन्फोसिस का शेयर 3.64 प्रतिशत की लाभ के साथ बंद हुआ। इन दोनों आईटी कंपनियों ने सेंसेक्स की बढ़त में 80 अंक का योगदान दिया।