यह ख़बर 13 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स में 466 अंक की गिरावट

खास बातें

  • अंतरराष्ट्रीय रुझानों के कारण हुई बिकवाली से भारतीय शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में गत सप्ताह तीन फीसदी तक की गिरावट देखी गई।
मुम्बई:

अंतरराष्ट्रीय रुझानों के कारण हुई बिकवाली से भारतीय शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में गत सप्ताह तीन फीसदी तक की गिरावट देखी गई। अमेरिका और यूरोप में दोबारा मंदी की आहट से भयभीत निवेशकों ने गत सप्ताह दुनियाभर के शेयर बाजारों में धुआंधार बिकवाली की। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स साप्ताहिक कारोबार में 2.69 फीसदी या 466.24 अंकों की गिरावट के साथ शुक्रवार को 16,839.63 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पुअर्स (एसएंडपी) द्वारा अमेरिकी अर्थव्यवस्था की रेटिंग कम करने के बाद अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजारों के साथ भारतीय शेयर बाजारों में भी काफी उतार चढ़ाव देखा गया। रेटिंग एजेंसी ने पांच अगस्त को पहली बार अमेरिका की साख को 'एएए' से घटाकर 'एए+' कर दिया। सोमवार को कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 500 अंकों तक की गिरावट देखने को मिली, जो कारोबार की समाप्ति पर 291 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स में इस सप्ताह सिर्फ बुधवार को 272 अंकों की तेजी आई, जिसके बाद गुरुवार और शुक्रवार को लगातार दो दिनों की गिरावट देखी गई। शुक्रवार को सेंसेक्स 1.29 फीसदी या 219.77 अंकों की गिरावट के साथ 16,839.63 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी में भी इस सप्ताह लगभग तीन फीसदी की गिरावट रही। शुक्रवार को निफ्टी 1.27 फीसदी गिरावट के साथ 5,072.95 पर बंद हुआ। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा फिर एक बार दरों में वृद्धि की आशंका से इस सप्ताह निवेशक का उत्साह थोड़ा और ढीला रहा। उद्योग जगत के ताजा आंकड़े में औद्योगिक विकास दर के 8.8 फीसदी रहने के कारण इस बात की आशंका और प्रबल हो गई कि आरबीआई महंगाई को कम करने के लिए एक बार और मुख्य दरों में वृद्धि कर सकता है। कोटक सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष संजीव जरबारे ने कहा, "फिलहाल इससे आरबीआई द्वारा मुख्य दरों में वृद्धि की सम्भावना और अधिक बढ़ गई है। खाद्य महंगाई दर के नए आंकड़े में भी और तेजी दर्ज की गई है। महंगाई दर के आरबीआई द्वारा घोषित सुविधाजनक स्तर पर नहीं आ पाने के कारण बाजार में फिर एक बार दर बढ़ाए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।" शुक्रवार को सेंसेक्स में सर्वाधिक गिरावट वाले शेयरों में रहे टाटा मोटर्स (5.26 फीसदी), हिंडाल्को (4.04 फीसदी), जयप्रकाश एसोसिएट्स (3.28 फीसदी)। सेंसेक्स में तेजी में रहने वाले शेयरों में रहे जिंदल स्टील (2.57 फीसदी), महिंद्रा एंड महिंद्रा (1.82 फीसदी), हीरो मोटोकॉर्प (1.79 फीसदी) और ओएनजीसी (0.76 फीसदी)। इस सप्ताह एशिया के सभी प्रमुख शेयर बाजारो में बिकवाली का दबाव देखने को मिला। जापान का निक्केई इस सप्ताह 0.2 फीसदी गिरावट के साथ 8,963.72 पर बंद हुआ। हांगकांग का हैंग सैंग मामूली गिरावट के साथ 19,620.01 पर, चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स हालांकि 0.45 फीसदी तेजी के साथ 2,593.17 पर बंद हुआ। अमेरिका और यूरोप के शेयर बाजारों में पहले दो-तीन दिनों की भगदड़ के बाद भी इस सप्ताह तेजी रही। ब्रिटेन का एफटीएसई100 3.04 फीसदी की तेजी के साथ 5,320.03 पर, जर्मनी का डीएएक्स 3.45 फीसदी तेजी के साथ 5,997.74 पर और फ्रांस का सीएसी40 4.02 फीसदी तेजी के साथ 3,213.88 पर बंद हुआ। अमेरिकी बाजारों में डाऊ जोंस 1.13 फीसदी तेजी के साथ 11,269.00 पर और एसएंडपी500 0.53 फीसदी तेजी के साथ 1,178.81 पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com