यह ख़बर 15 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

ब्याज दरें बढ़ने की चिंता में सेंसेक्स 56 अंक टूटा

खास बातें

  • महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में 56 अंक की गिरावट आई।
मुंबई:

महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में 56 अंक की गिरावट आई, हालांकि, कमजोर वैश्विक संकेतों और कोषों की बिकवाली के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज और टीसीएस के शेयरों में बढ़त से गिरावट पर कुछ अंकुश अवश्य लगा। 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में पिछले दो दिन में 206 अंक की बढ़त दर्ज हुई थी। महंगाई के प्रति चिंता बढ़ने से यह 56.28 अंक की गिरावट के साथ 18,561.92 अंक पर आ गया। इसी के अनुरूप नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 18.70 अंक की गिरावट के साथ 5,581.10 अंक पर आ गया। धातु, रीयल्टी और वाहन कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई। एशियाई बाजारों में गिरावट तथा यूरोपीय बाजार की कमजोर शुरुआत से यहां भी बाजार धारणा प्रभावित हुई। सेंसेक्स की कंपनियों में टीसीएस में बाजार रुख के उलट 2.03 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़त दर्ज हुई और कंपनी का शेयर 1,148.05 रुपये पर बंद हुआ। सेंसेक्स की प्रमुख कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज में भी एक प्रतिशत की तेजी आई। सेंसेक्स की दूसरी प्रमुख कंपनी इन्फोसिस का शेयर 0.38 प्रतिशत के नुकसान के साथ 2,730.55 रुपये पर आ गया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com