यह ख़बर 11 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

कमजोर आर्थिक प्रदर्शन के कारण सेंसेक्स 108 अंक नीचे

खास बातें

  • कमजोर आर्थिक संकेतों के बीच शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक साप्ताहिक कारोबार में गिरावट के साथ बंद हुए।
मुम्बई:

सुस्त औद्योगिक विकास दर और महंगाई दर के लगातार ऊंचे स्तर पर बने रहने जैसे कमजोर आर्थिक संकेतों के बीच शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक साप्ताहिक कारोबार में गिरावट के साथ बंद हुए। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक सेंसेक्स में साप्ताहिक कारोबार में 0.59 फीसदी या 107.94 अंकों की गिरावट आई। शुक्रवार को सेंसेक्स 116.36 अंकों की गिरावट के साथ 18,268.54 पर बंद हुआ। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को जारी औद्योगिक विकास दर के उम्मीदों से कम रहने का शेयर बाजार पर नकारात्मक असर देखा गया। औद्योगिक विकास की दर अप्रैल में 6.3 फीसदी रही, जो अप्रैल 2010 में 13.1 फीसदी थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी शुक्रवार को 0.64 फीसदी गिरावट के साथ 5,485.8 फीसदी पर बंद हुआ। महंगाई दर के लगातार ऊंचे स्तर पर बने रहने के कारण सरकार के सामने आर्थिक नीतियों को लेकर चुनौती बनी हुई है। खाद्य महंगाई दर 28 मई को समाप्त सप्ताह में दो महीने में सर्वाधिक 9.01 फीसदी दर्ज की गई। पिछले लगभग डेढ़ सालों में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा कई चक्रों में मुख्य ब्याज दरों में वृद्धि करने के बावजूद महंगाई घटने का नाम नहीं ले रही है। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में शुक्रवार को गिरावट रही। मिडकैप 0.34 फीसदी गिरावट के साथ 6,898.28 पर और स्मॉलकैप 0.46 फीसदी गिरावट के साथ 8,288.46 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से शुक्रवार को सिर्फ चार शेयरों मारुति सुजुकी (1.03 फीसदी), हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (0.74 फीसदी), ओएनजीसी (0.64 फीसदी) और टीसीएस (0.37 फीसदी) में तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स में शुक्रवार को गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में प्रमुख रहे डीएलएफ (1.83 फीसदी), आईटीसी (1.69 फीसदी), एलएंडटी (1.64 फीसदी) और रिलायंस इंफ्रा (1.52 फीसदी)। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 3.266 करोड़ डॉलर मुल्य के शेयरों की लिवाली की। एशिया के अन्य बाजारों में इस दौरान मिला-जुला रुख देखा गया। जापान का निक्के ई 0.5 फीसदी तेजी के साथ 9,514.44 पर, हांगकांग का हैंग सैंग 0.84 फीसदी गिरावट के साथ 22,420.37 पर और चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स बिना किसी बदलाव के 2,705.14 पर बंद हुआ। यूरोपीय बाजार में अमेरिकी बाजार में मंदी की सम्भावना से गिरावट का रुख देखा गया। ब्रिटेन का एफटीएसई 1.55 फीसदी गिरावट के साथ 5,765.80 पर बंद हुआ। फ्रांस के सीएसी40 में 1.90 फीसदी की गिरावट आई और यह 3,805.09 पर बंद हुआ। जर्मनी का डीएएक्स 1.25 फीसदी गिरावट के साथ 7,069.90 पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com