खास बातें
- आईटी, कैपिटल गुड्स, बिजली, धातु और वाहन कंपनियों के शेयरों की मांग बढ़ने से सेंसेक्स में तेजी आई। मंगलवार को सेंसेक्स 271 अंक मजबूत हुआ था।
मुंबई: देश के शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन तेजी का सिलसिला जारी रहा। वस्तुओं के निर्यात और वाहनों की बिक्री के बेहतर आंकड़ों के बीच प्रतिष्ठित कंपनियों के शेयरों में लिवाली का समर्थन जारी रहने से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 105 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स बाजार बंद होने के समय 105.53 अंक मजबूत होकर 18,608.81 अंक पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 31.85 अंक की बढ़त के साथ 5,592 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय 5,597.35 अंक तक पहुंच गया था। ब्रोकरों ने कहा कि आईटी, कैपिटल गुड्स, बिजली, धातु और वाहन कंपनियों के शेयरों की मांग बढ़ने से सेंसेक्स में तेजी आई। मंगलवार को सेंसेक्स 271 अंक मजबूत हुआ था। अप्रैल में निर्यात 34.42 प्रतिशत बढ़कर 23.8 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जबकि आयात 14.13 प्रतिशत बढ़कर 32.8 अरब डॉलर रहा।