खास बातें
- उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनी मैरिको को जून तिमाही के दौरान 85 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, जो पिछले साल की इसी तिमाही से 15.28% अधिक है।
New Delhi: उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनी मैरिको को जून 2011 में समाप्त तिमाही के दौरान 85 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है, जो पिछले साल की इसी तिमाही से 15.28 फीसदी अधिक है। कंपनी ने बंबई शेयर बाजार को यह जानकारी दी। इससे पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी को 73.73 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री 33.17 फीसद की वृद्धि के साथ 1,048.61 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 787.40 करोड़ रुपये थी। इस तिमाही के दौरान कंपनी का विज्ञापन और बिक्री प्रोत्साहन खर्च 9.1 फीसदी बढ़कर 102.32 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि उसके कच्चे माल का खर्च बढ़कर 450.58 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल 318.09 करोड़ रुपये था। इसी प्रकार एकल आधार पर जून तिमाही में कंपनी को 81.61 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, जो पिछले साल से 20.7 फीसदी अधिक है। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी को 67.57 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। एकल आधार पर समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की बिक्री 38.05 फीसदी बढ़कर 807.59 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो पिछले साल की समान तिमाही में 584.99 करोड़ रुपये थी।