यह ख़बर 17 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

शीर्ष पांच कंपनियों को 21,988 करोड़ रुपये की चपत

खास बातें

  • शीर्ष 10 में से 5 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में पिछले सप्ताह 21,987.96 करोड़ रुपये की गिरावट रही। सबसे अधिक झटका इंफोसिस और टीसीएस को लगा।
Mumbai:

बाजार धारणा कमजोर होने से देश की शीर्ष 10 में से 5 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में पिछले सप्ताह 21,987.96 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई, जिसमें सबसे अधिक झटका इंफोसिस और टीसीएस को लगा। उम्मीद से कम मुनाफा रहने के कारण आईटी कंपनी इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण आलोच्य सप्ताह के दौरान 14,202.34 करोड़ रुपये घटकर 1,56,782.72 करोड़ रुपये रह गया। इंफोसिस का शुद्ध लाभ जून, 2011 को समाप्त तिमाही में 16 प्रतिशत बढ़कर 1,722 करोड़ रुपये रहा, जबकि आय बढ़कर 7,485 करोड़ रुपये रही। विशेषज्ञों के अनुसार यह बाजार उम्मीद से कम है। इसी प्रकार, देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 4,589.63 करोड़ रुपये घटकर 2,24,696.35 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी का शुद्ध लाभ 2011-12 की पहली तिमाही में 26.7 प्रतिशत बढ़कर 2,415 करोड़ रुपये रहने के बावजूद टीसीएस का शेयर भाव दो प्रतिशत घटकर 1,148.05 रुपये रहा। इन दोनों के अलावा भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में भी गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी का बाजार पूंजीकरण 2,088.63 करोड़ रुपये घटकर 1,49,090.64 करोड़ रुपये रहा। इसी प्रकार, बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी का बाजार पूंजीकरण पिछले सप्ताह 618.41 करोड़ रुपये घटकर 1,55,962.88 करोड़ रुपये रहा। देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण आलोच्य सप्ताह के दौरान 488.95 करोड़ रुपये घटकर 1,56,902.85 करोड़ रुपये रहा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com