खास बातें
- वैश्विक विमानन कंपनियों के निकाय आईएटीए द्वारा अपनी भुगतान प्रणाली से किंगफिशर एयरलाइंस को बाहर करने के बाद कंपनी ने यह व्यवस्था की है।
नई दिल्ली: संकटग्रस्त विमानन कंपनी किंगफिशर एयरलाइंस ने कहा कि उसने ग्राहकों के लिए यात्रा की बुकिंग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। वैश्विक विमानन कंपनियों के निकाय आईएटीए द्वारा अपनी भुगतान प्रणाली से किंगफिशर एयरलाइंस को बाहर करने के बाद कंपनी ने यह व्यवस्था की है।
किंगफिशर एयरलाइंस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘विमानन कंपनी ने यह सुनिश्चित करने के लिए कि ग्राहक किंगफिशर के विमानों से यात्रा के लिए बुकिंग करना जारी रख सकें, वैकल्पिक व्यवस्था की है। ग्राहक चुनिंदा ट्रैवेल एजेंटों व कंपनी के साझीदारों के जरिए बुकिंग जारी रख सकते हैं।’’ उन्होंने कहा कि इसके अलावा, यात्री किंगफिशर की वेबसाइट के जरिए और कंपनी के टिकटिंग कार्यालयों के जरिए भी बुकिंग जारी रख सकते हैं।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कर अधिकारियों द्वारा कंपनी के बैंक खातों पर रोक लगाए जाने की वजह से यह स्थिति पैदा हुई। हम इस अस्थायी दौर से यात्रियों को बाहर निकालने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।" उल्लेखनीय है कि बकाए का भुगतान नहीं करने के चलते आईएटीए ने 7 मार्च को किंगफिशर एयरलाइंस को अपने प्लेटफार्म से निलंबित कर दिया था।