खास बातें
- ट्राई ने कंपनियों को यह निर्देश पारदर्शिता बढ़ाने के लिए दिया है
- इसके जरिये ग्राहकों को उनके डाटा उपयोग पर नजर रखने में मदद मिलेगी
- डाटा सीमा पर सुस्पष्ट निर्देश दिए
नई दिल्ली: दूरसंचार नियामक ट्राई ने सोमवार को दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों को निर्देश दिया कि वे ग्राहकों को उनके ब्रॉडबैंड प्लान में डाटा उपयोग सीमा की स्पष्ट जानकारी दें. साथ ही यह सीमा के बाद डाटा की क्या गति उनको मिलेगी इस बारे में भी सूचित करें.
मौजूदा समय में 'उचित उपयोग नीति' के तहत असीमित ब्रॉडबैंड प्लान लेने वाले ग्राहकों को आम तौर पर दो जीबी डाटा तक दो एमबी प्रति सेकेंड की गति मिलती है और यदि समय सीमा अवधि शेष रहने से पहले ग्राहक दो जीबी डाटा उपयोग कर लेता है तो बची हुई अवधि के लिए यह गति घटा दी जाती है.
ट्राई ने कंपनियों को यह निर्देश पारदर्शिता बढ़ाने और ग्राहकों को उनके डाटा उपयोग पर नजर रखने में मदद के लिए जारी किया है. इसके अलावा उसने कंपनियों को निर्देश दिया है कि ग्राहकों को उनके डाटा सीमा के 50 प्रतिशत, 90 प्रतिशत और 100 प्रतिशत उपयोग पर उन्हें सूचित करे.
ट्राई ने यह भी कहा कि वायर के माध्यम से ब्रॉडबैंड सेवा देने के लिए इस नीति के तहत सेवा प्रदाता को यह सुनिश्चित करना होगा कि डाउनलोडिंग सीमा 512 केबी प्रति सेकंड से कम नहीं हो और यह उसकी डाटा सीमा खत्म होने के बाद भी इतनी ही रहे. इस सेवा के लिए भी कंपनियां ग्राहकों को उनके डाटा सीमा के 50 प्रतिशत, 90 प्रतिशत और 100 प्रतिशत उपयोग पर उन्हें सूचित करें.
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)