खास बातें
- देश में खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति 11 जून को समाप्त हुए सप्ताह में बढ़कर 9.13 प्रतिशत पर पहुंच गई जो ढाई महीने का उच्च स्तर है।
नई दिल्ली: देश में खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति 11 जून को समाप्त हुए सप्ताह में बढ़कर 9.13 प्रतिशत पर पहुंच गई जो ढाई महीने का उच्च स्तर है। फल, दूध, प्याज और प्रोटीन आधारित वस्तुओं की कीमतें बढ़ने से खाद्य मुद्रास्फीति बढ़ी। इससे पिछले सप्ताह में थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फीति 8.96 प्रतिशत थी। वहीं जून, 2010 के दूसरे सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति करीब 23 प्रतिशत थी। 26 मार्च, 2011 को समाप्त हुए सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति 9.18 प्रतिशत थी। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सालाना आधार पर प्याज के दाम 11.89 प्रतिशत बढ़े, जबकि अंडा, मीट और मछली के दाम में 10.56 प्रतिशत की बढ़े। वहीं अनाज के दाम में 4.32 प्रतिशत और आलू के दाम में 0.71 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, इस दौरान दालों, गेहूं और सब्जियों के दाम में गिरावट दर्ज की गई। जहां दालें 10.34 प्रतिशत सस्ती हुईं, वहीं गेहूं के दाम एक प्रतिशत एवं सब्जियों के दाम 9.27 प्रतिशत नीचे आए।