खास बातें
- सब्जी, दालें तथा आलू सस्ता होने से खाद्य मुद्रास्फीति 18 जून को समाप्त सप्ताह में 1.35 प्रतिशत घटकर 7.78 प्रतिशत हो गई।
New Delhi: सब्जी, दालें तथा आलू सस्ता होने से खाद्य मुद्रास्फीति 18 जून को समाप्त सप्ताह में 1.35 प्रतिशत घटकर 7.78 प्रतिशत हो गई जो डेढ़ महीने का निम्नतम स्तर है। इससे पूर्व के सप्ताह में थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित खाद्य मुद्रास्फीति 9.13 प्रतिशत थी। एक साल पूर्व जून महीने के समान सप्ताह में यह 20 प्रतिशत से अधिक थी। खाद्य मुद्रास्फीति का यह डेढ़ महीने का निम्नतम स्तर है। इससे पहले सात मई को खाद्य मुद्रास्फीति 7.47 प्रतिशत थी। गुरुवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार 18 जून को समाप्त सप्ताह में सब्जी सालाना आधार पर करीब 10 प्रतिशत सस्ती हुई। इसी प्रकार, दाल 9.50 प्रतिशत तथा आलू 2.39 प्रतिशत सस्ता हुआ। हालांकि सप्ताह के दौरान अन्य खाद्य वस्तुओं की कीमतें चढ़ी ही रहीं। फल जहां 24.76 प्रतिशत महंगा हुआ, वहीं अंडा, मांस एवं मछली के दाम में 10.32 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। प्याज के भाव भी 16.08 प्रतिशत बढ़े। इसी प्रकार, अनाज 4.76 प्रतिशत महंगा हुआ। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बुधवार को कहा था कि अगर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम नरम बने रहे तथा जिंसों की कीमत नहीं चढ़ी, तो मुद्रास्फीति मार्च के अंत तक 6.5 प्रतिशत पर आ जाएगी।